उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर पुलिस थाना के सामने स्थित एक बीयर बार के मालिक पर अज्ञात युवक ने इसलिए हमला कर दिया कि उन्होंने उसे सिगरेट नहीं होने की बात कही। इस घटना से स्थानीय परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याण पश्चिम के शहाड परिसर में रहने वाले ६७ वर्षीय अशोक सुगनोमल काचेला ने उल्हासनगर पुलिस थाना में एक अज्ञात युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाया है। अपनी शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका उल्हासनगर के कैंप एक में हरदासमल होटल के पास जयकमल बार एंड रेस्टोरेंट है। मंगलवार रात साढ़े बारह बजे एक अज्ञात युवक बार में आया और उसने बीयर का बोतल लिया और फिर उनसे सिगरेट माँगा। उन्होंने सिगरेट नहीं होने की बात कही। इस बात से गुस्साए उक्त युवक ने बीयर का बोतल उनपर फेंककर उन्हें घायल कर दिया। इतना ही नहीं उसने पत्थर उठाकर होटल के बाहर दो तंदूर के कांच पर मारकर उसे तोड़ दिया। बहरहाल उल्हासनगर पुलिस थाना से चंद दूरी पर हुई इस घटना से ये साफ प्रतीत हो रहा है कि असामाजिक तत्वों का पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। फ़िलहाल मामले की जाँच पुलिस उप निरीक्षक माली कर रहे हैं।