क्षेत्रीय
05-Mar-2026
...


सहरसा, (ईएमएस)। बिहार के सहरसा जिले में हुई एक सड़क हादसे में रेलवे इंजीनियर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र की है, जहां मंगलवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाईडर से टकरा गई और इस हादसे में रेलवे इंजीनियर की मौत हो गयी। मृतक की पहचान 34 वर्षीय स्नेह रंजन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार शरीफ के रहने वाले थे। सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर सेक्शन में रेलवे में आईओडब्ल्यू के पद पर वो तैनात थे। मिली जानकारी के मुताबिक, स्नेह रंजन पिछले 6 वर्षों से अपनी पत्नी मिनी और दो छोटे बच्चों के साथ सहरसा रेलवे के सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। मंगलवार रात करीब 9 बजे स्नेह रंजन के मोबाईल पर किसी का फोन आया था। जिसके बाद वे काफी जल्दबाजी में अपनी कार लेकर घर से निकले थे। परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वे अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। घर से निकलने के महज एक घंटे बाद रात्रि करीब 10 बजे परिवार को उनके दुर्घटना की सूचना मिली।