- पत्नी ने भागकर बचाई जान कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र में एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचल दिया। इस हमले में 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत नामक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही पर ही मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राजेश कुमार सिंह राजपूत रजगामार का निवासी बताया जा रहा हैं। जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे घटित हुई, जब राजेश कुमार सिंह राजपूतअपनी पत्नी के साथ मंडी में सो रहे थे। अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और राजेश कुमार सिंह राजपूत पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई और वन विभाग को भी सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है। * चोरी होने के कारण झोपड़ी बनाकर रह रहे थे वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का पंचनामा कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान चोरी की लगातार घटनाओं के कारण राजेश कुमार सिंह राजपूत और उनकी पत्नी अस्थायी रूप से एक झोपड़ी बनाकर केंद्र की देखरेख कर रहे थे। उल्लेखनीय हैं की हाथी अक्सर धान मंडियों में धान खाने के लिए पहुंच जाते हैं। वन अमला और ग्रामीण इन हाथियों को खदेड़ने के लिए लगातार मशक्कत करते रहते हैं। 05 मार्च / मित्तल