व्यापार
05-Mar-2026
...


- सेंसेक्स 360 अंक चढ़ा, निफ्टी 24600 के ऊपर मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने चार दिनों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए मजबूती के साथ शुरुआत की। प्रमुख सूचकांकों में शुरुआती कारोबार के दौरान बढ़त दर्ज की गई। बाजार को हैवीवेट शेयरों में आई खरीदारी से समर्थन मिला, हालांकि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण निवेशक सतर्क नजर आए। कारोबार की शुरुआत में तीस शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 79,530 अंक पर खुला। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 79,116 अंक पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में सुबह 9:21 बजे तक सेंसेक्स 315.30 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79,431.49 अंक पर कारोबार करता देखा गया। इसी तरह ‎‎निफ्टी 50 भी बढ़त के साथ खुला। निफ्टी-50 24,615 अंक के स्तर पर खुला और सुबह की शुरुआत के बाद यह 76.75 अंक की बढ़त के साथ 24,572 अंक पर ट्रेड कर रहा था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार एशियाई बाजारों की मजबूती और चुनिंदा बड़े शेयरों में खरीदारी ने बाजार की शुरुआत को सकारात्मक बनाया। हालांकि, निवेशकों की नजर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी बनी हुई है। खासकर आयरन और यूनाईटेड स्टेट के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता पैदा की है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी बाजार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। विश्लेषकों का कहना है कि यदि वैश्विक संकेत सकारात्मक बने रहते हैं और कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता आती है, तो घरेलू बाजार में आगे भी तेजी का रुख देखने को मिल सकता है। वहीं निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहकर निवेश करने की सलाह दी जा रही है। सतीश मोरे/05मार्च ---