- गार्ड और पुलिस के व्यवहार से डर गया था इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज घटनाक्रम में कल देर रात एक युवक ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र में आईडीए की सरकारी आवासीय योजना के तहत बनी ताप्ती परिसर मल्टी का है। युवक मल्टी के गार्ड और एक पुलिसकर्मी के द्वारा उसके साथ किये गये व्यवहार से घबराया हुआ था। प्राप्त जानकारी अनुसार घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है और मृतक युवक का नाम राज पिता मनोज मकवाना उम्र तैवीस साल है। मामले में यह बात सामने आई है कि उसे सांस लेने में परेशानी की बीमारी थी जिसके चलते गर्मी लगने के कारण वह रात में अपनी मल्टी के नीचे टहल रहा था तभी चौकीदार ने उससे देर रात घूमने की वजह पूछी इस दौरान वहां पुलिस भी पहुंची और पुलिसकर्मियों ने भी राज से पूछताछ करते उसे थप्पड़ मारे। इसके बाद राज घबरा गया और पकड़े जाने के डर से मल्टी की पांचवीं मंजिल पर पहुंचकर नीचे कूद गया जिसके चलते गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार राज को सांस लेने में दिक्कत रहती थी, इसलिए वह बाहर टहल रहा था जिस पर पहले गार्ड ने उसे रोका और पूछताछ की तो दोनों के बीच बहस हुई। बाद में गार्ड ने वहीं से गुजर रहे पुलिसकर्मियों को बुला लिया था। हो हल्ला सुनकर परिजन भी वहां पहुंचे थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों को राज की तबीयत के बारे में बता भाई ने माफी भी मांगी थी लेकिन एक जवान ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद राज पुलिस के नाम से घबराने लगा और बार-बार फ्लैट के अंदर-बाहर आने जाने लगा था। राज की मां रेखा मकवाना के अनुसार उन्होंने बेटे राज को दो बार समझाकर अंदर आने के लिए कहा था, लेकिन वह फिर से घर के बाहर चला गया। जब वह उसे देखने नीचे पहुंचीं, तभी उसने उनके सामने ही छलांग लगा दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 05 मार्च 2026