- 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा राजगढ़(ईएमएस)l भारत सरकार की पीएम राहत योजना के अंतर्गत अब सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी दुर्घटना पीड़ित का उपचार आर्थिक कारणों से बाधित न हो। जिले में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी शासकीय चिकित्सालय स्वतः इस योजना में शामिल हैं। इसके साथ ही जिले के 41 निजी चिकित्सालयों में से अब तक 20 निजी चिकित्सालय योजना से जुड़ चुके हैं। शेष निजी चिकित्सालयों को भी योजना में शामिल करने के लिए लगातार संपर्क किया जा रहा है। कुछ चिकित्सालयों में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए स्टेट स्तर पर एसएचए से समन्वय किया गया है। इस योजना का लाभ किसी भी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मिलेगा, चाहे वह किसी भी वर्ग या आय वर्ग से संबंधित हो। मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य नहीं है। दुर्घटना के बाद 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती होना आवश्यक है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद टीएमएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होने पर 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जाता है। यदि घायल व्यक्ति आयुष्मान कार्डधारी है और आगे उपचार की आवश्यकता होती है, तो वह अतिरिक्त 5 लाख रुपये तक का इलाज आयुष्मान योजना के तहत प्राप्त कर सकता है। जब भी चोट सड़क पर किसी वाहन के कारण होती है, उसे रोड ट्राफिक एक्सीडेंट (आरटीए) माना जाता है और इस योजना का लाभ मिलता है। इसमें शामिल हैं, वाहन से टक्कर लगना, चलती बाइक या स्कूटर से गिरना, वाहन के स्किड होने से चोट लगना, पैदल चल रहे व्यक्ति को वाहन से चोट लगना, बस, ऑटो या कार दुर्घटना, कैसे मिलेगा कैशलेस उपचार आदि। दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को सीधे अस्पताल लाया जाता है, जहां सबसे पहले जीवन रक्षक उपचार दिया जाता है। इसके बाद दुर्घटना स्थल से संबंधित थाना द्वारा ईडीएआर सत्यापन किया जाता है। आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बाद क्लेम प्रक्रिया के माध्यम से कैशलेस उपचार प्रदान किया जाता है। - जिले में तीन दुर्घटना पीड़ितों का उपचार जारी राजगढ़ जिले में वर्तमान में पीएम राहत योजना के तहत तीन सड़क दुर्घटना पीड़ितों का उपचार जारी है। जिनमें करण सिंह गुर्जर (48 वर्ष) 1 मार्च को दुर्घटना में घायल हुए। इनका ईडीएआर सत्यापन पचोर थाना क्षेत्र की टीआई श्रीमती शकुंतला बामनिया द्वारा किया गया। मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण इन्हें वरदान हॉस्पिटल, शाजापुर में भर्ती कराया गया, जहां योजना के अंतर्गत उपचार जारी है। इसी प्रकार कैलाश बंजारा (28 वर्ष) 3 मार्च को कुरावर थाना क्षेत्र में दुर्घटना हुई। इनका ईडीएआर सत्यापन टीआई कुरावर थाना द्वारा किया गया। वर्तमान में इनका उपचार सुलभ हॉस्पिटल, कुरावर में योजना के तहत जारी है। रवि वर्मा (26 वर्ष) इनका भी 3 मार्च को कुरावर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल होने पर ईडीएआर सत्यापन कुरावर थाना की आईडी से किया गया। इनका उपचार गवली हॉस्पिटल, कुरावर में योजना के अंतर्गत जारी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार पीएम राहत योजना दुर्घटना पीड़ितों के लिए जीवन बचाने वाली पहल साबित हो रही है, क्योंकि इसमें इलाज शुरू करने में आर्थिक कारणों से कोई देरी नहीं होती। -निखिल/राजगढ़/5/3/2026