इन्दौर (ईएमएस) आगामी रंगपंचमी पर्व पर इन्दौर में निकलने वाली पारंपरिक विश्व प्रसिद्ध गैर यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार गैर मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में झोन क्रमांक 2 अंतर्गत उपयंत्री श्री प्रिंस भारद्वाज एवं उनकी टीम द्वारा मार्ग पर अव्यवस्थित एवं अनावश्यक रूप से लटके केबल हटाने की कार्रवाई की गई। प्रथम चरण में विजय चाट हाउस चौराहा से सराफा थाना के मध्य मार्ग पर नीचे लटके एवं अव्यवस्थित केबल तारों को हटाया गया, जो गैर यात्रा के दौरान बाधा उत्पन्न कर सकते थे। द्वितीय चरण में गैर मार्ग के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त सिंघल ने निर्देश दिए हैं कि गैर मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, बाधक सामग्री अथवा असुरक्षित ढांचे को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए, ताकि रंगपंचमी का आयोजन सुरक्षित, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। साथ ही भविष्य में अव्यवस्थित केबल पुनः न लगें, इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आनंद पुरोहित/ 05 मार्च 2026