नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने नकली पुलिस बनकर क्रिप्टो डील के बहाने लूट करने वाले इंटरस्टेट गैंग का पर्दाफाश किया है। चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और उनके पास से नकदी व बाइक बरामद हुई है। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे इंटरस्टेट गैंग का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को क्रिप्टो करेंसी बेचने का लालच देकर बुलाता था और फिर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डराकर नकदी लूट लेता था। दिल्ली पुलिस की टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान अनीश खान, सौद आलम, मोहम्मद हारून और अब्दुल कादिर उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। इनके कब्जे से लूट की रकम में से हजारों रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। दिल्ली पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 24 फरवरी को सराय रोहिल्ला निवासी एक व्यक्ति को सस्ती दर पर क्रिप्टो बेचने का झांसा देकर नेताजी सुभाष प्लेस बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उसे डराया और जबरन नकदी लूटकर फरार हो गए। शुरुआत में मामला स्नैचिंग का लगा, लेकिन पीड़ित के पूरक बयान के बाद खुलासा हुआ कि यह पूरी तरह से प्लान की गई लूट थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से 3 पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। अनीश खान थाना आदर्श नगर का घोषित बैड कैरेक्टर है और उसके खिलाफ लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई केस दर्ज हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मार्च /2026