- शास्त्री ब्रिज पर देर रात दुर्घटना जबलपुर, (ईएमएस)। धुलेडी की रात शहर के शास्त्री ब्रिज पर तेज भागते अज्ञात वाहन की टक्कर एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि रामपुर निवासी उक्त पुलिसकर्मी वर्तमान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात हैं। देर रात जब वे शास्त्री ब्रिज से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों पुलिसकर्मी को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल पहुँचाया। उन्हें जबलपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के अनुसार पुलिसकर्मी की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी अस्पताल पहुँचे और घायल के स्वास्थ्य के संबंध में डॉक्टरों से विस्तृत चर्चा की। संबंधित थाना पुलिस अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर शास्त्री ब्रिज और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अजय पाठक / मोनिका / 05 मार्च 2026/ 03.13