क्षेत्रीय
06-Mar-2026
...


- स्थानीय लोगों ने कटनी शहर कोतवाली में दर्ज कराया विरोध जबलपुर/कटनी, ईएमएस। संभाग के कटनी जिले में कटनी शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में गत दिवस स्थानीय लोगों से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) जवानों पर मारपीट का आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैलट घाट क्षेत्र की महिलाओं और रहवासियों ने इन जवानों पर नशे की हालत में मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना की जानकारी जबलपुर में रेल एसपी व आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना 5 मार्च गुरुवार देर शाम की है जब बस्ती के पास एक पेड़ के नीचे कुछ युवक नशा कर रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ और जीआरपी के दो जवान वहां पहुंचे, जिससे युवकों से उनका विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोपित है कि शुरुआती विवाद के बाद दोनों जवान मौके से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद आरपीएफ और जीआरपी के सात से आठ जवान दोबारा वहां पहुंचे। इसके बाद इन जवानों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट की गई, और उसे बचाने पहुंची उसकी बहन को भी चोटें पहुंचाईं। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट करने वालों की तलाश में जवान घरों में घुस गए और वहां भी लोगों से मारपीट की। इस घटना के बाद करीब आधा सैकड़ा स्थानीय लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मौके पर हंगामा किया। इस झड़प में एक आरपीएफ/जीआरपी जवान के भी घायल होने की खबर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अजय पाठक / मोनिका / 06 मार्च 2026/ 03.19