- तीन पुस्तकों का विमोचन व विभूतियों का सम्मान बिलासपुर (ईएमएस)। सर्वोदय साहित्य कला मंच कोटा का वार्षिकोत्सव समारोह साहू धर्मशाला, कोटा में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों साहित्यकारों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती सोमप्रभा तिवारी ‘नूर’ के कुशल नेतृत्व में हुआ, जबकि युवा साहित्यसेवी श्रीमती ज्योति जैन के विशेष सहयोग से आयोजन को भव्य रूप मिला। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गीतकार जनाब मीर अली मीर ने की। मुख्य अतिथियों में वरिष्ठ समाजसेवी विष्णु अग्रवाल, नगर अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि आदित्य दीक्षित, सीएसआर कॉलेज पीपरतराई के डायरेक्टर रंजीत पवार, कृति कला साहित्य परिषद सीपत के अध्यक्ष शरद यादव ‘अक्स’ एवं वार्ड पार्षद अंजना चौकसे शामिल रहे। अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना रीना गुप्ता द्वारा तथा राजगीत की प्रस्तुति अर्चना प्रजापति ने दी। इस अवसर पर तीन पुस्तकों का लोकार्पण किया गया— ‘सर्वोदय साझा संकलन 2026’ (सम्पादक: सोमप्रभा तिवारी ‘नूर’), ‘मेरे अल्फाज़’ (ब्रजेश श्रीवास्तव) तथा ‘खुशी के गीत’ (चंद्र प्रकाश साहू)। विमोचन के साथ ही साहित्यिक चर्चा और काव्यपाठ का दौर प्रारंभ हुआ, जो रात्रि 8 बजे तक चला। प्रदेश भर से आए कवियों ने विविध विधाओं में सशक्त और भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में सात साहित्यिक विभूतियों एवं दो संस्थाओं का सम्मान भी किया गया। उपस्थित अतिथियों ने मंच द्वारा क्षेत्र में साहित्य और कला के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों— बिलासपुर, रतनपुर, कोरबा, रायगढ़, दुर्ग, पेंड्रा, सीपत, लोरमी, बिल्हा सहित अनेक स्थानों से साहित्यकार, पत्रकार और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। संचालन सत्यप्रकाश मानिकपुरी एवं ज्योति श्रीवास ने किया। अंत में अध्यक्ष सोमप्रभा तिवारी ‘नूर’ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंच अपनी स्थापना से ही साहित्य और कला के सर्वोदयी विकास हेतु सतत प्रयत्नशील है और आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। मनोज राज 05 मार्च 2026