नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से करीब 50 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग बुझाने के बाद मलबे में एक लड़की का जला हुआ शव मिला, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया। दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दिल्ली में दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने की वजह से कुल 3 लोग जिंदा जल गए। दमकल विभाग के मुताबिक होली के दिन सदर बाजार इलाके में बिल्डिंग की आग लगी थी। इस हादसे में 2 लोगों की आग में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि गुरुवार की सुबह रिठाला इलाके में झुग्गियों लगी आग में एक लड़की की जिंदा जलकर मौत हो गई। दमकल विभाग ने लड़की के शव को बाहर निकाल लिया है। दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से करीब 50 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। घटना रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:15 बजे झुग्गियों में आग लगने की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 से 16 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घनी बस्ती होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते कई झुग्गियां उसकी चपेट में आ गईं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मार्च /2026