- पति ने ईंट पर सिर पटका, पत्नी फंदे पर झूल गई - मजाक में ही एक दूसरे के लिए जान देने की बात कही हरदोई (ईएमएस)। यूपी के हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के चत्तुरखेड़ा में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दंपती ने बुधवार को शराब पी। इसके बाद मजाक में ही एक दूसरे के लिए जान देने की बात कही। पति ने सिर ईंट पर पटक दिया, तो पत्नी भी फंदे पर लटक गई। पति को मामूली चोटें आईं, लेकिन पत्नी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बर्रिया के मजरा कन्हईखेड़ा निवासी बबलू चत्तुरखेड़ा के ईंट भट्ठे पर पत्नी कुंती (34) व दो बच्चों के साथ रहकर मजदूरी करता है। कुंती भी वहीं मजदूरी करती थी। बबलू ने बताया कि बुधवार सुबह उसने और कुंती ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान हंसी मजाक में बबलू ने कहा कि हम तुम्हारे लिए जान दे रहे हैं और तुम हमारे लिए मरो। इसके बाद बबलू ने ईंट पर सिर पटक दिया। सिर से खून निकलने पर बबलू ने कहा कि देखो तुम्हारे लिए मर रहे हैं। इस पर पत्नी कुंती उठी और मजाक में युकेलिप्टस के पेड़ पर साड़ी का फंदा मजाक में लगा लिया। फंदा ज्यादा कस जाने से कुंती की मौत हो गई। दस मिनट बाद बबलू ने कुंती का शव देखा, तो वह बदहवास हो गया। कुंती का शव फंदे से उतारकर झोपड़ी के सामने रख लिया और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरु कर दी है। जितेन्द्र 05 मार्च 2026