भोपाल(ईएमएस)। म.प्र. शासन ने मध्य-पूर्व देशों की वर्तमान अप्रत्याशित परिस्थितियों को देखते हुए खाड़ी देशों में रह रहे प्रदेश के निवासियों की सहायता के लिए मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली में 24x7 कंट्रोल रूम की स्थापना की है। खाड़ी देशों में अध्ययन, नौकरी, व्यवसाय, पर्यटन, इत्यादि के लिए गये प्रदेश के निवासी वर्तमान परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिये कंट्रोल रूम में दूरभाष नम्बर - 011-26772005, व्हाट्सऐप नम्बर - 9818963273, ई-मेल आई.डी. -एमपीहेल्पडेस्कगल्फएटदारेटजीमेल डॉट कॉम पर संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम की सहायता से मध्यप्रदेश शासन द्वारा संबंधितों को भारत सरकार एवं संबंधित अन्य एजेंसियों से संपर्क करते हुए सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। भोपाल वल्लभ भवन में भी स्थापित किया गया कंट्रोल रूम म.प्र. के निवासियों की सुविधा के लिये भोपाल के वल्लभ भवन (मंत्रालय) में भी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रदेश के नागरिक आवश्यक सहायता के लिये नई दिल्ली के अतिरिक्त भोपाल कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0755-2708055, 0755-2708059, व्हाट्सऐप नंबर +917648862100 और sderf.vbsr@gmail.com पर संपर्क कर सकते है। सभी से अनुरोध है कि आवश्यक मदद के लिये नई दिल्ली या भोपाल कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। हरि प्रसाद पाल / 05 मार्च, 2026