:: कोदरिया और आम्बाचन्दन सहित कई गाँवों में हुई जाँच; बिजली कनेक्शन काटे, प्रदूषण बोर्ड करेगा अगली कार्रवाई :: महू/इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार डॉ. अम्बेडकर नगर महू क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे आलू चिप्स कारखानों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के ग्राम कोदरिया, नेउगुराडिया, आम्बाचन्दन और सांतेर में चल रहे कारखानों की सघन जाँच की। इस दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और बिना अनुमति के संचालन पाए जाने पर कारखानों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया। जाँच दल का नेतृत्व एसडीएम महू डॉ. राकेश परमार ने किया। टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संजय जैन, जनपद सीईओ गिरिराज दुबे, तहसीलदार विवेक सोनी और विद्युत मंडल के अधिकारी शामिल रहे। जाँच के दौरान जब संचालकों से आवश्यक अनुमतियां और दस्तावेज मांगे गए, तो कई कारखाने बिना किसी वैध अनुमति के चलते पाए गए। :: मौके पर काटे बिजली कनेक्शन :: अवैध रूप से चल रहे इन कारखानों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से उनके विद्युत कनेक्शन विच्छेद (डिस्कनेक्ट) कर दिए। एसडीएम डॉ. राकेश परमार ने बताया कि कारखानों में न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा था, बल्कि सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की भी अनदेखी की जा रही थी। अनियमितता पाए जाने पर सभी संबंधित इकाइयों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। :: प्रदूषण बोर्ड लेगा अब आड़े हाथ :: प्रशासनिक टीम की इस प्राथमिक कार्रवाई के बाद अब मामला मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सौंप दिया गया है। बोर्ड द्वारा इन कारखानों से निकलने वाले अपशिष्ट और पर्यावरण नियमों के उल्लंघन की विस्तृत जाँच की जाएगी, जिसके आधार पर भारी जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से खाद्य इकाइयों का संचालन करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रकाश/5 मार्च 2026