:: टोरी कॉर्नर से राजबाड़ा तक लाइनों की ऊंचाई बढ़ाई; गेर मार्ग पर तैनात रहेंगे 14 इंजीनियर :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की पारंपरिक रंगपंचमी पर निकलने वाली ऐतिहासिक गेर यात्रा को देखते हुए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में शहर वृत्त की टीम ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के साथ मिलकर टोरी कॉर्नर, मल्हारगंज से राजबाड़ा और कृष्णपुरा तक के गेर मार्ग का सघन निरीक्षण पूरा कर लिया है। शहर अधीक्षण यंत्री डी.के. गाठे के अनुसार, गेर के दौरान फायर फाइटर के माध्यम से 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक रंग उड़ाया जाता है। सुरक्षात्मक कारणों से इस दौरान 11 केवी लाइन के कुल 16 फीडरों से अलग-अलग समय पर बिजली प्रदाय बंद रखा जाएगा। कंपनी ने एहतियात के तौर पर गेर मार्ग की केबल और तारों को पर्याप्त ऊंचाई पर शिफ्ट कर दिया है, साथ ही कई स्थानों पर पुराने व क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर बॉक्स भी बदले गए हैं। गेर मार्ग की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सुभाष चौक जोन पर एक अस्थाई कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस पूरे अभियान में उच्चदाब और निम्नदाब लाइनों से जुड़े 14 इंजीनियरों सहित कुल 60 अनुभवी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी विभिन्न ग्रिड और ट्रांसफार्मरों के पास तैनात रहकर स्थिति पर पैनी नजर रखेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रकाश/5 मार्च 2026