:: प्रशासन का सख्त रुख : 6 लाख रुपये की बकाया राशि के लिए राजस्व टीम ने की कनाडिया में कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर जिले में राजस्व वसूली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कनाडिया तहसील अंतर्गत डायवर्शन टैक्स की बकाया राशि जमा न करने पर रुक्मणि मोटर के गोदाम को सील कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, रुक्मणि मोटर पर लगभग 6 लाख रुपये का डायवर्शन टैक्स बकाया था। राजस्व विभाग द्वारा संबंधित संस्थान को बकाया राशि जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी कर सूचना दी गई थी, लेकिन संस्थान की ओर से टैक्स भुगतान में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। :: राजस्व टीम ने मौके पर की कार्रवाई :: एसडीएम कनाडिया के निर्देशानुसार, तहसीलदार संगीता गोलिया और नायब तहसीलदार पूजा नागवंशी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की संयुक्त टीम रुक्मणि मोटर के गोदाम पहुँची। यहाँ विधि अनुसार पंचनामा बनाकर गोदाम को सील करने की कार्रवाई की गई। टीम में राजस्व निरीक्षक विशाल शर्मा, तेजसिंह सहित पटवारी योगेश भार्गव और पुष्पेंद्र जादौन शामिल रहे। :: वसूली के लिए अभियान रहेगा जारी :: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में राजस्व की बकाया राशि वसूलने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि बड़े बकायादारों को चिन्हित कर उनसे वसूली सुनिश्चित की जाए। टैक्स भुगतान न करने वाली अन्य संस्थाओं पर भी आने वाले दिनों में इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। प्रकाश/5 मार्च 2026