* 7,400 से अधिक अतिरिक्त ट्रिप, 3.14 लाख यात्रियों को सुरक्षित परिवहन; डाकोर के लिए 3,600 विशेष फेरे संचालित अहमदाबाद (ईएमएस)| होली और धुलेटी के पावन पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए गुजरात राज्य मार्ग वाहन व्यवहार निगम (एस.टी. निगम) ने इस वर्ष अभूतपूर्व अतिरिक्त बस संचालन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मार्गदर्शन में निगम ने गत वर्ष के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए यात्रियों को उत्कृष्ट और सुरक्षित परिवहन सुविधा प्रदान की। 27 फरवरी से 4 मार्च 2026 के दौरान निगम द्वारा कुल 7,400 से अधिक अतिरिक्त ट्रिप का सफल संचालन किया गया, जिससे राज्यभर के लगभग 3.14 लाख यात्रियों ने एस.टी. सेवा का लाभ उठाया। गत वर्ष 7,100 ट्रिप के माध्यम से 2.80 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान की गई थी, जबकि इस वर्ष ट्रिप और यात्रियों दोनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो निगम की कार्यक्षमता और बेहतर योजना का प्रमाण है। * डाकोर के लिए विशेष प्रबंध होली के अवसर पर रणछोड़रायजी मंदिर, डाकोर में दर्शन का विशेष महत्व होने से वहां सबसे अधिक बसों का संचालन किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 3,600 विशेष ट्रिप चलाई गईं, जिनसे लगभग 1.32 लाख दर्शनार्थियों को सुरक्षित परिवहन सेवा उपलब्ध कराई गई। * प्रमुख शहरों से विशेष ट्रिप यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए राज्य के प्रमुख शहरों से भी अतिरिक्त बसें चलाई गईं। इनमें अहमदाबाद से 687, हिम्मतनगर से 716, सूरत से 496, वडोदरा से 255, जूनागढ़ से 220 और राजकोट से 131 ट्रिप संचालित की गईं। इसके अलावा सुरेंद्रनगर, मोरबी, जामनगर, दाहोद, गोधरा, देवगढ़ बारिया, संतारामपुर और लुणावाडा जैसे महत्वपूर्ण केंद्रों से भी पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया गया। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने इस सफल आयोजन के लिए एस.टी. निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विशेषकर ड्राइवरों और कंडक्टरों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सतीश/05 मार्च