राज्य
05-Mar-2026


:: इंदौर जिले में बनाए गए 35 केंद्र; 5 हजार की कीमत वाला टीका सरकारी केंद्रों पर मिलेगा नि:शुल्क :: इंदौर (ईएमएस)। महिलाओं में होने वाले जानलेवा सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) की रोकथाम के लिए इंदौर जिले में एच.पी.वी. (HPV) टीकाकरण अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू हो गया है। स्तन कैंसर के बाद महिलाओं के लिए सबसे बड़ा खतरा माने जाने वाले इस कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 35 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ यह जीवनरक्षक टीका पूर्णतः नि:शुल्क लगाया जा रहा है। :: कौन होगा पात्र और कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन? मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि यह टीका उन किशोरियों को लगाया जाएगा जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। बाजार में इस एक सिंगल डोज वैक्सीन की कीमत लगभग 4000 से 5000 रुपये के बीच है, जिसे सरकार मुफ्त उपलब्ध करा रही है। टीकाकरण के लिए यू-वीन (U-WIN) पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। लाभार्थी पोर्टल पर जाकर स्वयं का रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या सीधे वैक्सीनेशन सेंटर पर ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी ले सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, स्कूल फोटो आईडी या राशन कार्ड जैसे दस्तावेज मान्य होंगे। :: इंदौर जिले के प्रमुख टीकाकरण केंद्र :: जिले में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक इन केंद्रों पर टीका लगवाया जा सकता है: - शहरी क्षेत्र : जिला अस्पताल (धार रोड), हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक, पी.सी. सेठी अस्पताल, मल्हारगंज सिविल अस्पताल, नंदा नगर अस्पताल, बाणगंगा हेल्थ सेंटर, खजराना और भंवरकुआं संजीवनी क्लीनिक। - ग्रामीण क्षेत्र : महू, बेटमा, देपालपुर, हातोद, सांवेर, मानपुर, गौतमपुरा, सिमरोल, क्षिप्रा और डकाच्या जैसे सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र। :: कैंसर से सुरक्षा का कवच :: विशेषज्ञों के अनुसार, 99 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर एच.पी.वी. वायरस के कारण होते हैं, जिसे यह टीका प्रभावी रूप से रोकता है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और दुनिया के लगभग 148 देशों में उपयोग किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पालकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निर्धारित केंद्रों पर जाकर यह टीका अवश्य लगवाएं। प्रकाश/5 मार्च 2026