:: ई-टेंडर प्रक्रिया का प्रथम चरण : पिछले साल के मुकाबले राजस्व में 20.87 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी :: इंदौर (ईएमएस)। वर्ष 2026-27 के लिए इंदौर जिले में कंपोजिट मदिरा दुकानों के ठेकों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रथम चरण के दूसरे बैच में शामिल 19 समूहों में से 12 समूहों के लिए गुरुवार को ई-टेंडर और नीलामी की कार्यवाही की गई, जिसमें शराब कारोबारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन 12 समूहों के लिए कुल 68 निविदाएँ प्राप्त हुईं। बाजार की जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन समूहों के लिए कुल 3 अरब 93 करोड़ 87 लाख 76 हजार 101 रुपये की उच्चतम बोली प्राप्त हुई है। प्रशासन द्वारा इन समूहों के लिए 3 अरब 91 करोड़ 3 लाख रुपये का आरक्षित मूल्य तय किया गया था। :: राजस्व में 68 करोड़ का उछाल :: नीलामी के पहले चरण के नतीजों ने सरकारी खजाने की चांदी कर दी है। वर्ष 2025-26 के तुलनात्मक आंकड़ों को देखें तो पिछले साल इन समूहों का वार्षिक मूल्य 3.25 अरब रुपये था। इस वर्ष मिली 3.93 अरब की बोली पिछले साल की तुलना में 68 करोड़ 1 लाख रुपये अधिक है। यह पिछले साल के मुकाबले राजस्व में लगभग 20.87 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। :: शेष 7 समूहों की निविदाएँ आज खुलेंगी :: आबकारी विभाग के अनुसार, कुल 19 समूहों में से शेष 7 समूहों पर नीलामी की कार्यवाही अभी प्रगति पर है। इन बचे हुए समूहों की ई-टेंडर निविदाएँ शुक्रवार, 6 मार्च को सुबह खोली जाएंगी। प्रशासन को उम्मीद है कि आगामी चरणों में भी इसी तरह की प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी, जिससे जिले के राजस्व में और अधिक बढ़ोतरी होगी। प्रकाश/5 मार्च 2026