:: बैच-3 के तहत 18 समूहों की नीलामी प्रक्रिया शुरू; 6 मार्च से ऑनलाइन टेंडर भरने का मौका :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शराब दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रथम चरण के बैच-3 के अंतर्गत जिले की 55 कंपोजिट मदिरा दुकानों (जो 18 समूहों में विभाजित हैं) के निष्पादन के लिए आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। इन 18 समूहों का कुल वार्षिक मूल्य 7 अरब 85 करोड़ 12 लाख 23 हजार 135 रुपये निर्धारित किया गया है। आबकारी विभाग के अनुसार, इन दुकानों के लिए ई-टेंडर और ई-टेंडर कम ऑक्शन के माध्यम से बोलियां आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक ठेकेदार और आवेदक इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। :: इन प्रमुख क्षेत्रों की दुकानों के लिए लगेंगे टेंडर :: नीलामी में शामिल होने वाले प्रमुख मदिरा समूहों में ये क्षेत्र शामिल हैं: - शहरी क्षेत्र : एम.आर.-9, चंद्रगुप्त मौर्य चौराहा (एम.आर.-10), द्वारकापुरी, खंडवा नाका, ड्रीमलैंड चौराहा, पलसीकर कॉलोनी, तेजाजी नगर, अंजनी नगर, चिमनबाग, छावनी और जवाहर मार्ग। - ग्रामीण व बाहरी क्षेत्र : राऊ, कनाडिया बायपास, मांगलिया, देपालपुर, रेवती, कंपेल और रंगवासा। :: महत्वपूर्ण समय और जानकारी :: निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के लिए समय-सारणी इस प्रकार है: - टेंडर फॉर्म डाउनलोड व सबमिट : 06 मार्च (सुबह 10 बजे) से 07 मार्च (दोपहर 02 बजे तक)। - निविदा खोलने का समय : 07 मार्च को दोपहर 02.05 बजे से प्रक्रिया पूर्ण होने तक। - निविदा प्रपत्र शुल्क : प्रत्येक समूह के लिए 30,000 रुपये निर्धारित। :: कलेक्ट्रोरेट में संपर्क कर सकते हैं आवेदक :: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टेंडर संबंधी किसी भी विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक कलेक्ट्रोरेट परिसर स्थित सहायक आयुक्त आबकारी कार्यालय (कक्ष क्रमांक 209) में संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा अवकाश के दिनों में भी उपलब्ध रहेगी ताकि पारदर्शी तरीके से अधिक से अधिक निविदाएं प्राप्त की जा सकें। प्रकाश/5 मार्च 2026