- मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी व महाअभियान के क्षेत्रीय प्रभारी करेंगे संबोधित भोपाल (ईएमएस)। पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन गुरूवार 6 मार्च को भोपाल के रविन्द्र भवन में प्रातः 11 बजे से आयोजित की गई है। कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल संबोधित करेंगे। कार्यशाला में चंबल, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम, भोपाल संभाग (गुना व अशोक नगर जिले को छोड़कर) कुल 23 जिलों के 400 से अधिक विषय वक्तागण शामिल होंगे। इसी तरह 10 मार्च को इंदौर के गुजराती इनोवेटिव कॉलेज में इंदौर, निमाड़, उज्जैन, मंदसौर संभाग एवं गुना व अशोकनगर सहित 20 जिलों के विषय वक्तागणों की कार्यशाला आयोजित होगी। 14 मार्च को जबलपुर के नेताती सुभाषचंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा एवं शहडोल संभाग के 19 जिलों के विषय वक्तागणों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। विषय वक्ता कार्यशालाओं में प्रदेश पदाधिकारी, प्रशिक्षण महाअभियान की प्रदेश टोली, संभाग प्रभारी, प्रशिक्षक विषय वक्ता, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संभाग प्रशिक्षण प्रभारी, जिला प्रशिक्षण टोली के चार सदस्य सहित जिला विषय वक्तागण शामिल रहेंगे। हरि प्रसाद पाल / 03 मार्च, 2026