नई दिल्ली (ईएमएस)। वर्तमान समय की भागदौड भरी जिंदगी के कारण दिल से जुड़ी बीमारियां, मोटापा, तनाव और नींद की दिक्कतें अब आम समस्या बन चुकी हैं। हैल्थ एक्सपर्टस के अनुसार, इन समस्याओं से बचने के लिए भारी-भरकम एक्सरसाइज या जिम की जरूरत नहीं है। सिर्फ 30 मिनट की ब्रिस्क वॉकिंग भी शरीर को फिट रखने के लिए काफी है और यह दिल व दिमाग दोनों को मजबूत बनाती है। वॉकिंग ऐसी सरल और प्रभावी एक्सरसाइज है, जिसे हर उम्र का व्यक्ति आसानी से कर सकता है। यह न सिर्फ हार्ट और माइंड, बल्कि फेफड़ों, हड्डियों और मसल्स को भी मजबूती देती है। यदि आप रोजाना 30 मिनट तेज चाल से चलते हैं, तो शरीर का बेसिक हेल्थ सिस्टम मजबूत होता है और गंभीर बीमारियों के जोखिम में कमी आती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि दिन में कम से कम 30 मिनट टहलना बेहद जरूरी है। अगर एक बार में 30 मिनट चलना मुश्किल हो, तो इसे तीन हिस्सों में बांटकर 10-10 मिनट भी चल सकते हैं। हफ्ते में जितने ज्यादा दिन वॉकिंग करेंगे, उतना बेहतर असर देखने को मिलेगा। हालांकि सिर्फ चलना काफी नहीं, बल्कि सही गति से चलना जरूरी है। ऐसी स्पीड जिसमें आप आराम से बात कर सकें, लेकिन गाना गाने पर हल्की सांस फूलने लगे—इसे ब्रिस्क वॉकिंग कहा जाता है और इसे सबसे असरदार माना जाता है। 30 मिनट की ब्रिस्क वॉकिंग से शरीर को कई लाभ मिलते हैं। यह हार्ट फंक्शन को बेहतर बनाती है, ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखती है और हार्ट डिजीज के खतरे को कम करती है। फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है क्योंकि शरीर को अधिक ऑक्सीजन मिलने लगता है। ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे स्ट्रोक का जोखिम घटता है। वजन नियंत्रित रखने में भी यह बेहद कारगर है, क्योंकि रोज 30 मिनट की वॉकिंग से करीब 200 कैलोरी तक बर्न हो सकती है। हड्डियों और जोड़ों की मजबूती बढ़ती है और बोन लॉस का खतरा कम होता है। इसके साथ ही यह तनाव घटाती है, मूड को बेहतर बनाती है और नींद में सुधार करती है। वॉकिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए कुछ सरल आदतें अपनाई जा सकती हैं—मसलन नजदीकी जगह पैदल जाना, फोन पर बात करते समय टहलना, लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का उपयोग करना और ऑफिस जाते समय पब्लिक ट्रांसपोर्ट चुनना। अपनी सुविधा के अनुसार शुरुआत करें और धीरे-धीरे स्पीड बढ़ाएं। सुदामा/ईएमएस 06 मार्च 2026