- बच्चों ने एक-दूसरे को लगाया रंग ब्यावरा(ईएमएस) शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में इस वर्ष होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण के कारण धुलेंडी का पर्व निर्धारित तिथि से एक दिन बाद बुधवार को आयोजित किया गया। तिथि में बदलाव के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सुबह से ही शहर रंगों से सराबोर दिखा और गली-मोहल्लों में होली है के जयघोष गूंजते रहे। बुधवार सुबह से ही पीपल चौराहा, जूना ब्यावरा, सुठालिया रोड, गुना बायपास, रेलवे स्टेशन चौराहा, भंवरगंज और राजगढ़ रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की टोलियां सड़कों पर निकलीं। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया, जबकि बच्चों ने रंग-बिरंगी पिचकारियों से एक-दूसरे को भिगोया। लोगों ने सूखे गुलाल और गीले रंगों से होली खेली तथा एक-दूसरे को अबीर लगाकर शुभकामनाएं दीं। शहर में कई स्थानों पर सामूहिक गैर निकाली गई, जिसमें विभिन्न समाजों के लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अग्रवाल समाज, साहू समाज, कुशवाह समाज, सेन समाज, कसेरा समाज, सोनी समाज, ब्राह्मण समाज और प्रजापति समाज सहित कई समाजों ने मोहल्लों में पारंपरिक गैर निकाली। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे के घर पहुंचकर रंग लगाया और मिठाई खिलाकर पर्व की बधाई दी। गैर में ढोल और बैंड की धुन पर लोग झूमते दिखे। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी इस होली उत्सव में सक्रिय भागीदारी की। कई परिवारों में पारंपरिक पकवान बनाए गए और अतिथियों का स्वागत किया गया। शहर में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रही, जिसके कारण पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ l - राजगढ़ में बच्चों ने हंसी ठिठोली के बीच खेली होली इधर राजगढ़ नगर में भी बुधवार को धुलेंडी का पर्व मनाया गया। सुबह से ही गली-मोहल्लों में रंगों की फुहारें उड़ती नजर आईं। हाथों में पिचकारी और चेहरे पर मुस्कान लिए बच्चे टोलियां बनाकर घूमते रहे। एक-दूसरे को रंग लगाते रहे। धुलेंडी के अवसर पर विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी रंगोत्सव की झलक दिखाई दी। बैंक, पुलिस थाना और अन्य कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। हालांकि पर्व के चलते बाजारों में रौनक कम रही और अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद नजर आए। सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल रही।।-निखिल/ब्यावरा/6/3/2026