06-Mar-2026
...


दिल्ली- एनसीआर में धूल भरी आंधी का अलर्ट नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली- एनसीआर समेत उत्तर भारत में गर्मी का कहर शुरू हो गया है।दिल्ली में 40 किमी/घंटा की शुष्क हवाओं और 36 डिग्री तापमान के साथ धूल भरी धूप परेशान कर रही है। राजस्थान-यूपी में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब है, जबकि 10-11 मार्च को बिहार में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी का अनुमान है। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (एनसीआर) में बसंत की विदाई के साथ ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। आलम ये है कि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग धूप से बचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आने वाले दिनों के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, वह डराने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने लोगों को हैरान कर दिया है। होली के बाद से ही गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। वर्तमान में दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इन तेज हवाओं ने वातावरण को और अधिक शुष्क बना दिया है। सड़कों पर उड़ती धूल और तपती धूप ने विजिबिलिटी और एयर क्वालिटी दोनों पर असर डालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 मार्च से 11 मार्च के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में रातें भी अब उतनी ठंडी नहीं रहेंगी। यूपी में भी गर्मी का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मेरठ, सहारनपुर, आगरा और मथुरा जैसे जिलों में तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली से सटे इलाके नोएडा और गाजियाबाद में गुरुवार से ही धूप की तल्खी बढ़ गई है। यहां आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री तक रह सकता है। राजधानी लखनऊ में तेज धूप खिली रहेगी। इसके अलावा गोरखपुर, अयोध्या, देवरिया, बस्ती और इटावा में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। कुछ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। राजस्थान में तो स्थिति अभी से चिंताजनक हो गई है। यहां तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर देश के सबसे गर्म इलाकों में रहा, जहां पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 2-3 दिनों में पश्चिमी राजस्थान के जिलों में लू जैसी स्थिति बन सकती है। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी गर्मी का प्रचंड रूप दिख रहा है। आने वाले दिनों में राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों और एमपी के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/मार्च/2026