नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने अरविंद केजरीवाल की विशेषाधिकार समिति की बैठक के लाइव प्रसारण की मांग खारिज कर दी है। सचिवालय ने बताया कि समिति की कार्यवाही गोपनीय होती है और नियमों के तहत इसका सीधा प्रसारण संभव नहीं है। सचिवालय ने अपने जवाब में स्पष्ट किया है कि विशेषाधिकार समिति की बैठकों की कार्यवाही गोपनीय होती है और प्रक्रिया संबंधी नियम इसके लाइव प्रसारण की अनुमति नहीं देते। पत्र में यह भी कहा गया है कि संसद या किसी अन्य राज्य की विधानसभा में भी विशेषाधिकार समिति की बैठकों का प्रसारण किए जाने का कोई उदाहरण नहीं मिलता। विधानसभा सचिवालय की ओर से यह भी कहा गया कि समिति के अध्यक्ष ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया है कि अरविंद केजरीवाल दस वर्षों से अधिक समय तक इस सदन के सदस्य रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें इस प्रक्रिया की जानकारी नहीं होना हैरानी का विषय है।