जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर के बरगी बांध में बुधवार को होली खेलने के बाद डूबे युवक का शव दो दिन बाद शुक्रवार 6 मार्च की सुबह बरामद किया गया। बरगी नगर जैन मंदिर के पास रहने वाला 27 साल का शैलेष नेमा बुधवार को होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ नर्मदा पर बने बांध में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में पहुंच जाने से वह डूब गया। बरगी नगर पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे युवक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया तथा मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। गौरतलब हो कि युवक शैलेष नेमा बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर से अपने दोस्त रोहन कोइराला और सागर के साथ बरगी नगर में होली खेल रहा था। इसके बाद तीनों बरगी नगर चौक में बैठे और वहीं से बांध में नहाने जाने का प्लान बना और फिर तीनों बाइक से बरगी बांध के जीरो पॉइंट पहुंचे और वहां पानी में उतर गए। शैलेष के दोस्त रोहन कोइराला के अनुसार वह बांध के किनारे बैठा हुआ था। इसी दौरान शैलेष पानी में चला गया और अचानक उसकी आवाज बचाओं बचाओं की आवाज आई। शुरुआत में उसे लगा कि वह मजाक कर रहा है, क्योंकि शैलेष को तैरना आता था लेकिन कुछ ही देर में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। रोहन के मुताबिक उसने डेम के ऊपर जाकर मदद मांगी। पास में मौजूद एक युवक ने पानी में उतरकर शैलेष को बचाने की कोशिश भी की और इसी कोशिश में वह करीब 10 मिनट तक शैलेष को पकड़े रहा। बाद में थक जाने के कारण उसने शैलेष को छोड़ दिया, जिसके बाद वह गहरे पानी में डूब गया। रोहन ने पुलिस को बताया कि उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह पानी में नहीं उतर सका। पुलिस के अनुसार तीनों युवक बांध के उस जीरो पॉइंट तक पहुंचे थे, जहां डेम प्रबंधन ने गेट पार न करने की चेतावनी दी हुई है। इसके बावजूद वे करीब 40 फीट आगे जाकर पानी में उतर गए थे। पुलिस ने दोनों दोस्तों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अजय पाठक / मोनिका / 06 मार्च 2026/ 02.51