जयपुर (ईएमएस)। दौसा महवा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत किशोर (नाबालिग) को भी निरुद्ध किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सेंट जेवियर स्कूल के पास, बेडा जगरामपुरा बंधा की ओर जाने वाले रास्ते पर दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया।पुलिस ने धन्तूरी निवासी दिलीप उर्फ गंजी पुत्र करतार को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान दिलीप और उसके साथ मौजूद किशोर के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा (12 बोर) और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए।पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे हथियार कहाँ से लाए थे और उनका इरादा क्या था।