क्षेत्रीय
06-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रीज एरिया में गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से शुक्रवार सुबह हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गौसेवक मौके पर पहुंच गए और मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस घटना को लेकर शहर में आक्रोश का माहौल बन गया है। गौसेवक मोनू ओझा ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रीज एरिया में गाय के बछड़े का सिर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वे अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में उन्हें लगा कि संभवतः कुत्ते या अन्य जानवर किसी शव को घसीटकर यहां तक ले आए होंगे, लेकिन करीब दो घंटे तक आसपास क्षेत्र में तलाश करने के बावजूद बछड़े का धड़ नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और बछड़े के सिर को पशु चिकित्सालय ले जाया गया। गौसेवकों का कहना है कि पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम और प्राथमिक जांच के दौरान यह संकेत मिला कि बछड़े का सिर बर्बरता से काटा गया है। उनका आरोप है कि जिस तरीके से सिर अलग किया गया है, उससे यह सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित कृत्य प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में जिले में गौ तस्करी और मवेशियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे गौभक्तों में आक्रोश बढ़ रहा है। गौसेवकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू त्योहारों के बीच इस तरह की घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और ऐसे कृत्य को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं मामले में सीएसपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रीज एरिया में एक पशु का शव मिला है, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गौसेवकों को समझाइश भी दी गई है कि जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें। फिलहाल मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीताराम नाटानी