क्षेत्रीय
06-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मार्मिक मामला सामने आया है, जहां कथित धोखे और लगातार धमकियों से परेशान होकर एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब बेटी को न्याय दिलाने के लिए उसके माता-पिता उसकी तस्वीर लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मृतका के पिता राजू शिवहरे ने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान शिवहरे को म्याना निवासी अभिषेक शर्मा पिछले करीब चार वर्षों से शादी का झांसा देकर बहला रहा था। इसी भरोसे में उसने कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए। जब मुस्कान ने विवाह की बात कही तो युवक ने साफ इंकार कर दिया और बताया कि उसकी कहीं और सगाई हो चुकी है। पिता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी युवती को लगातार धमकाता रहा और उसके निजी फोटो वायरल करने की बात कहकर दबाव बनाता था। परिजनों के अनुसार आरोपी की प्रताडऩा से मुस्कान मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी। उसने यह बातें अपनी बड़ी बहन को भी बताई थीं और परिवार ने युवक को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना। आरोप है कि युवक ने युवती से यहां तक कह दिया था कि यदि उसने आत्महत्या नहीं की तो वह उसके फोटो वायरल कर देगा। इसी मानसिक दबाव और अपमान के डर से मुस्कान ने 23 फरवरी को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मुस्कान की मौत के बाद म्याना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने युवती का मोबाइल फोन भी पुलिस को सौंप दिया, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का आरोप है कि पुलिस की ओर से मामले में ढिलाई बरती जा रही है और एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी को लेकर मंगलवार को मुस्कान के माता-पिता और परिजन उसकी तस्वीर लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उनकी बेटी को न्याय मिल सके।। - सीताराम नाटानी