गुना (ईएमएस)।। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा सिविल सर्विसेज परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें गुना जिले के लिए दोहरी खुशी की खबर आई है। जिले के कुंभराज की रहने वाली देवांगी मीणा और वर्तमान में गुना में एसडीओ फॉरेस्ट के पद पर कार्यरत आईएफएस अधिकारी नीरज निश्चल ने अपनी कड़ी मेहनत से सफलता के झंडे गाड़े हैं। ये दोनों होनहार अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी बनकर देश की सेवा करेंगे। आईआरएस से आईएएस तक देवांगी का सफर कुंभराज निवासी देवांगी मीणा ने इस बार देशभर में 236वीं रैंक हासिल की है। यह उनकी निरंतर साधना का ही परिणाम है कि पिछले वर्ष आईआरएस (764वीं रैंक) के लिए चयनित होने के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और इस साल अपनी रैंक में बड़ा सुधार किया। देवांगी की प्रारंभिक शिक्षा विजयपुर स्थित डीपीएस स्कूल से हुई, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से उच्च शिक्षा प्राप्त की। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड में कार्यरत अपने पिता लीलाधर मीणा को प्रेरणा मानने वाली देवांगी ने रोजाना 8 घंटे की अनुशासित पढ़ाई और सटीक रणनीति को अपनी सफलता का मूलमंत्र बताया है। गुना के एसडीओ फॉरेस्ट नीरज ने भी लहराया परचम जिले में पिछले 6 महीनों से पदस्थ आईएफएस अधिकारी नीरज निश्चल ने भी इस परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 241वीं रैंक प्राप्त करने वाले नीरज वर्ष 2022 में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के लिए चुने गए थे, लेकिन प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य को लेकर उन्होंने फिर से परीक्षा दी और अब वे आईएएस बनने जा रहे हैं। गौरतलब है कि यूपीएससी 2025 की मुख्य परीक्षा अगस्त में आयोजित की गई थी, जिसके साक्षात्कार हाल ही में संपन्न हुए। इन दोनों होनहारों की उपलब्धि पर जिले में हर्ष का माहौल है। - सीताराम नाटानी