- अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर के पार नई दिल्ली (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच वैश्विक बाजार में तेल महंगा होता जा रहा है। खबरों के अनुसार अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के कारण इरान क्षेत्र में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका सीधा असर तेल की कीमतों पर पड़ रहा है। शनिवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेड क्रूड की कीमत करीब 92.69 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड आइल लगभग 90.90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता दिखा। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भारत में पेट्रोल और डीजल के खुदरा दामों पर भी पड़ता है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह कई शहरों के लिए नए रेट जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर यानी नोएडा में पेट्रोल 5 पैसे सस्ता होकर 94.85 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 3 पैसे गिरकर 87.98 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं गाजियाबाद में पेट्रोल 29 पैसे की गिरावट के साथ 94.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल 34 पैसे सस्ता होकर 87.47 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बिहार की राजधानी पटना में भी तेल की कीमतों में कमी दर्ज की गई है। यहां पेट्रोल 58 पैसे सस्ता होकर 105.54 रुपये प्रति लीटर और डीजल 54 पैसे गिरकर 91.78 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। हालांकि देश के चार प्रमुख महानगरों में आज भी पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल 103.44 रुपये और डीजल 89.97 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चैन्नई में पेट्रोल 100.76 रुपये और डीजल 92.35 रुपये प्रति लीटर है, जबकि कोलकाता में पेट्रोल 104.95 रुपये और डीजल 91.76 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। सतीश मोरे/07मार्च ---