- गुरुवार को रुपया 41 पैसे सुधरकर 91.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था मुंबई (ईएमएस)। भारतीय रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 91.62 के स्तर पर था। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच भारतीय रिफाइनरी को रूसी तेल खरीदने के लिए अमेरिका द्वारा 30 दिनों की छूट देने से रुपये को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी मुद्रा में गिरावट के बावजूद, घरेलू शेयर बाजारों के नकारात्मक रुख और विदेशी कोषों की निकासी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के मद्देनजर अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय रिफाइनरी को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अपने पिछले बंद भाव 91.64 पर खुला और डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 91.62 पर पहुंच गया। पिछले दो सत्रों में 97 पैसे की गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय रुपया 41 पैसे सुधरकर 91.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.37 प्रतिशत गिरकर 98.94 पर था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.05 प्रतिशत गिरकर 84.51 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। सतीश मोरे/06मार्च ---