नई दिल्ली (ईएमएस)। बीजेपी के सीनियर नेता विजय गोयल ने कहा कि नीतीश कुमार को लेकर अनावश्यक हाय तौबा मची हुई है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के चौंकाने वाले फैसले से जेडीयू के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। विपक्ष बीजेपी पर आरोप लगा रहा है। वहीं बीजेपी इसे नीतीश कुमार का निजी फैसला बताकर स्वागत कर रही है। इस बीच पार्टी के सीनियर नेता विजय गोयल ने कहा कि इस पर अनावश्यक हाय-तौबा मची है। उन्होंने कहा कि असली बहस तो इस बात पर होनी चाहिए कि 75 साल के बाद सक्रिय राजनीति में स्वेच्छा से हटने की परंपरा बने ताकि नए लोगों को मौका मिले। बता दें कि विजय गोयल चार बार सांसद और केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा सब जानते हैं कि नीतीश कुमार का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पहले जैसा नहीं है। ऐसे में वे राज्यसभा जाएं या न जाएं-इससे न उन्हें कोई बड़ा फर्क पड़ता, न देश या प्रदेश को। फिर भी इस पर अनावश्यक हाय-तौबा मची है। असल बहस तो यह होनी चाहिए कि क्या 75 वर्ष की आयु के बाद सक्रिय राजनीति से स्वेच्छा से हटने की परंपरा बननी चाहिए, ताकि नए लोगों को अवसर मिले और वरिष्ठ नेता अपने कार्यकाल का शांतिपूर्वक आकलन कर सकें अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/मार्च/2026