खेल
07-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह खिताबी मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में लगातार दमदार और संतुलित प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने 8 में से 7 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है और खिताब बरकरार रखने की दहलीज पर पहुंच गई है। भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले से की, जहां उसने संयुक्त राज्य अमेरिका को 29 रन से हराया। इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में खेले गए मैच में भारत ने नामीबिया को 93 रन से मात देकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत स्थिति बना ली। ग्रुप स्टेज का सबसे चर्चित मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला गया, जहां भारत ने अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में मिली सफलता ने टीम के आत्मविश्वास को नई मजबूती दी और टूर्नामेंट में उसके अभियान को और धार मिली। इसके बाद 18 फरवरी को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 17 रन से हराया और जीत की लय को बरकरार रखा। हालांकि 22 फरवरी को इसी मैदान पर खेले गए मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में उसकी एकमात्र हार दी। इस हार के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। 26 फरवरी को चेन्नई में खेले गए मुकाबले में भारत ने ज़िम्बाब्वे को 72 रन से हराया। इसके बाद 1 मार्च को कोलकाता में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें भारतीय टीम ने दबाव के क्षणों में संयमित प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 18 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मुकाबलों में सफलता मिली है। ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी। भारत का फाइनल तक का सफर 7 फरवरी – अमेरिका को 29 रन से हराया (मुंबई) 12 फरवरी – नामीबिया को 93 रन से हराया (दिल्ली) 15 फरवरी – पाकिस्तान को 61 रन से हराया (कोलंबो) 18 फरवरी – नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया (अहमदाबाद) 22 फरवरी – दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से हार (अहमदाबाद) 26 फरवरी – जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया (चेन्नई) 1 मार्च – वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया (कोलकाता) 5 मार्च – इंग्लैंड को 7 रन से हराया (सेमीफाइनल, मुंबई) डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026