खेल
07-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट की दुनिया में अक्सर साउथ अफ्रीका को बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने में नाकाम रहने और नॉकआउट मैचों में हारने के कारण ‘चोकर्स’ का टैग दिया जाता रहा है। लेकिन अब दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने कहा है कि यह टैग अब न्यूजीलैंड को भी मिल सकता है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज और सुपर-8 में शानदार प्रदर्शन करने वाली साउथ अफ्रीका की टीम को न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में मात्र 12.5 ओवर में 170 रनों का लक्ष्य पूरा करके टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ 9 रनों से हार का सामना करना पड़ा। डेल स्टेन ने एबी डी विलियर्स के यूट्यूब चैनल पर न्यूजीलैंड की फाइनल से पहले संभावित हार को लेकर अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा, “साउथ अफ्रीका को हर कोई चोकर्स कहता है, लेकिन अब मैं यह टैग न्यूजीलैंड पर भी लागू कर सकता हूं। न्यूजीलैंड आईसीसी टूर्नामेंट में खिताब के नजदीक तो पहुंचती है, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत पाती। उन्होंने अभी तक किसी वर्ल्ड कप या टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता है। मैं सच में चाहता हूं कि वे टाइटल जीतें, लेकिन अहमदाबाद में भारत को हराना आसान नहीं होगा।” स्टेन ने आगे कहा, “न्यूजीलैंड ने जितने भी वर्ल्ड कप में फाइनल खेले हैं, वहां अक्सर सफलता नहीं मिली। अगर वे भारत को फाइनल में नहीं हरा पाए, तो यह उनका ‘चोकर्स’ कार्ड बन जाएगा। मुझे न्यूजीलैंड पसंद है, लेकिन इस बार भारत को हराना उनके लिए बहुत मुश्किल है। मैं चाहता हूं कि वे जीतें, लेकिन क्या वे इंडिया को हराने में सक्षम होंगे? मुझे नहीं लगता।” टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी, जबकि न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को आसानी से हराकर खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया। स्टेन की चेतावनी के बाद फैंस को फाइनल में और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है, क्योंकि दोनों टीमें खिताबी जीत के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेंगी। भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े और रोमांचक फाइनल में से एक मानी जा रही है, जिसमें किसी भी टीम के लिए हार और जीत के बीच का अंतर बेहद छोटा होगा। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026