खेल
07-Mar-2026
...


अभिषेक शर्मा को मानसिक रूप से मजबूत करें, संजू सैमसन की बल्लेबाजी मजबूत मुंबई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शस्त्री का मानना है कि टीम प्रबंधन को अभिषेक शर्मा का मनोबल बढ़ाना चाहिए और उन्हें अपनी क्षमता पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उनके अनुसार खिलाड़ी को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि टीम उसके साथ खड़ी है और उसे अपनी ताकत के अनुसार खेलना चाहिए। शास्त्री ने उम्मीद जताई कि न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला फाइनल मुकाबला अभिषेक शर्मा के लिए टूर्नामेंट का सबसे बेहतरीन मैच साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही हो तो उसमें बदलाव करने की जरूरत नहीं होती। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शस्त्री का मानना है कि संजु सैमसन बल्लेबाजी के दौरान अब पहले से अधिक मानसिक रूप से मजबूत हो गए हैं और यही बदलाव उनके हालिया प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है। शास्त्री के अनुसार टी20 विश्व कप में सैमसन के बेहतर नतीजों के पीछे उनकी बढ़ी हुई एकाग्रता और बेहतर शॉट चयन बड़ी वजह है। शास्त्री ने कहा कि सैमसन के पास हर तरह के शॉट खेलने की क्षमता है, लेकिन पहले अक्सर उनकी एकाग्रता में कमी देखने को मिलती थी। उनका मानना है कि अब सैमसन को इस बात का एहसास हो गया है कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी के दौरान ज्यादा फोकस और समझदारी दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि सैमसन को अपनी ताकत पर भरोसा रखते हुए उसी के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए। पूर्व कोच के मुताबिक सैमसन की प्रतिभा पर कभी किसी को संदेह नहीं रहा, लेकिन अब वह मानसिक रूप से भी काफी मजबूत नजर आ रहे हैं। शास्त्री ने कहा कि जब कोई बल्लेबाज क्लास, टच और पावर के साथ शॉट लगाता है तो उसकी बल्लेबाजी देखने में बेहद शानदार लगती है और सैमसन में यह सभी खूबियां मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सैमसन अभी केवल 31 वर्ष के हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी बाकी है। शास्त्री के अनुसार भारतीय टीम में उनकी भूमिका अब स्पष्ट हो चुकी है और वह टीम के लिए एक असली मैच-विनर साबित हो सकते हैं। हालांकि सैमसन का शानदार फॉर्म टीम के लिए सकारात्मक संकेत है, लेकिन दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन कुछ चिंता जरूर पैदा करता है। टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सात पारियों में अभिषेक केवल 89 रन ही बना पाए हैं। इसके बावजूद शास्त्री का मानना है कि फाइनल मुकाबले से पहले टीम संयोजन में बदलाव करना सही फैसला नहीं होगा। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026