क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित रायपुर द्वारा जिला सहकारी संघ कांकेर के सहयोग से आदिवासी सदस्य सहकारी शिक्षा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की कांकेर शाखा के अंतर्गत आने वाले लैम्पस कांकेर में आयोजित किया गया, जिसमें लैम्पस के पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित वरिष्ठ प्रशिक्षक विवेक पांडे ने सहकारिता के अर्थ, महत्व और सिद्धांतों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपनियमों, अधिनियमों और सही लेखा संधारण के माध्यम से लैम्पस किसानों के बीच अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकता है। उन्होंने भारत सरकार की “सहकार से समृद्धि” की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि नई सहकारी नीति 2025 और इससे जुड़ी 54 नई पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने बताया कि पैक्स के कंप्यूटरीकरण से न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि किसानों को भंडारण, विपणन और वित्तीय सेवाएं भी अधिक आसानी से मिल रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि पारंपरिक सहकारी समितियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। अब बहुउद्देशीय सहकारी समितियां केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कृषि यंत्रीकरण और खाद्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। समापन अवसर पर प्राधिकृत अधिकारी विपत्त नेताम ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि भविष्य में लैम्पस के माध्यम से आश्रित गांवों में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अंतिम छोर के किसानों तक जानकारी पहुंच सके। कार्यक्रम में जिला सहकारी संघ की प्रबंधक किरण कावड़े ने लैम्पस की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी दी। आयोजन में लैम्पस प्रबंधक नरेंद्र साहू, जिला सहकारी संघ के स्टाफ और लैम्पस कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। ईएमएस(राकेश गुप्ता)07 मार्च 2026