क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


- कुंडम में हुई वारदात का खुलासा : दोस्त के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम जबलपुर, ईएमएस। जबलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर देहात थाना कुंडम के ग्राम बिसनपुरा में गला काटकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भांजे व उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। वारदात जादू-टोना के शक पर की गई थी। गौरतलब हो कि शुक्रवार 6 मार्च की देर शाम गांव के बाहर 50 वर्षीय भूरालाल यादव का शव सिर से अलग हालत में मिला था। सूचना मिलने पर कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान आज 7 मार्च शनिवार की सुबह पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि जादू-टोना और गाली देने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने कुल्हाड़ी से भूरालाल की हत्या कर दी और शव को गांव के बाहर जंगल में फेंक दिया। मार्च की शाम मिली सिर कटी लाश : 6 मार्च की शाम बिसनपुरा गांव के कुछ ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक शव देखा, जिसका सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कुंडम थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान गांव के ही 50 वर्षीय भूरालाल यादव के रूप में हुई, जो खेती के साथ-साथ आसपास के इलाकों में झाड़-फूंक का काम करता था। - 4 मार्च से लापता था भूरालाल .......... मृतक के भाई नन्हेंलाल ने पुलिस को बताया कि भूरालाल 4 मार्च की दोपहर से लापता था। दोपहर में खाना खाने के बाद वह घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे आसपास के गांवों में भी तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद ग्रामीणों से शव मिलने की जानकारी मिली। नन्हेंलाल के मुताबिक 4 मार्च की शाम को गांव के ही पिट्टी उर्फ संत कुमार, जो रिश्ते में भांजा लगता है, और उसके दोस्त मधु शाह से भूरालाल का विवाद हुआ था। संत कुमार को शक था कि उसके परिवार पर आई परेशानियों के पीछे भूरालाल का जादू-टोना है। इसी बात को लेकर दोनों ने भूरालाल को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भूरालाल अपने थैले में जादू-टोना का सामान लेकर दूसरे गांव जा रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से दो बार गले पर वार किया, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। - आरोपी गिरफ्तार .......... वारदात के बाद कुंडम थाना पुलिस ने भूरेलाल के परिजनों की शिकायत के आधार पर पिट्टी लाल और संत कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने शनिवार सुबह दोनों आरोपियों को डेम के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि बिसनपुरा गांव निवासी भूरा लाल यादव जादू टोना और झाड़ फूंक किया करता था। संत कुमार जो कि मृतक का भांजा भी लगता है, उसे शक था कि उसके कारण ही घर पर कलह आ रही है और समय समय पर घर के सभी लोग बीमार पड़े है।इसी बात को लेकर उसने अपने मामा की दोस्त के साथ मिलकर हत्या कर दी।