नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी में पिछले 15 घंटे में चार अलग-अलग जगहो पर आग लगी है। जिसमें सदर बाजार की इमारत, रिठाला की झुग्गी, महिपालपुर के वेयरहाउस और संगम विहार में चलती बस शामिल है। राजधानी में बीते करीब 15 घंटे के भीतर आग की चार अलग-अलग घटनाओं ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सदर बाजार की एक इमारत, रिठाला की झुग्गी बस्ती, महिपालपुर के वेयरहाउस और संगम विहार में चलती बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इन हादसों में दो मजदूरों और एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। राजधानी के व्यस्त सदर बाजार इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इमारत में प्लास्टिक के खिलौने, रबर की गेंद, चूड़ियां, पर्स और बिंदी जैसे सामान का गोदाम बना हुआ था। आग इतनी तेज थी कि छत पर बने टिन शेड में मिले दोनों शव बुरी तरह झुलस गए और शुरुआत में उनकी पहचान तक संभव नहीं हो सकी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। आग बुझाने के दौरान मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। देर रात भीड़ ने दमकल विभाग और पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे दमकल गाड़ियों के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों का आरोप था कि इमारत के अंदर फंसे लोगों को निकालने में पर्याप्त तेजी नहीं दिखाई जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को मौके से हटाना पड़ा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/मार्च/2026