मोरबी (ईएमएस)| गुजरात में शिक्षा व्यवस्था को कलंकित करने वाली चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मोरबी तालुका के आंदरणा गांव की प्राथमिक स्कूल में एक शिक्षक नशे की हालत में शराब की बोतल के साथ पाए गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस हरकत में आ गए हैं। छात्रों ने भी हिम्मत दिखाते हुए शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों के मुताबिक शिक्षक राजुभाई स्कूल में शराब की बोतल लेकर आए थे और अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं। इतना ही नहीं, छात्रों का आरोप है कि नशे में शिक्षक ने कई बार मासूम बच्चों को पीटा भी है। बताया जा रहा है कि शिक्षक की निर्लज्जता की हद तब पार हो गई जब उन्होंने छात्रों के सामने ही चुनौती देते हुए कहा, “कोई भी अधिकारी जांच के लिए आए, मैं तो शराब पीता ही रहूंगा।” एक आदर्श माने जाने वाले शिक्षक के इस तरह के बयान से अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जो शिक्षक बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का काम करता है, अगर वही इस तरह का आचरण करे तो समाज उनसे क्या उम्मीद रखे? घटना की जानकारी मिलते ही आंदरणा गांव की महिला सरपंच के पति नितेश चावड़ा तुरंत स्कूल पहुंचे और इस मामले में मोरबी तालुका पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब की बोतल समेत अन्य सामान जब्त कर लिया और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में शिक्षक की हालत साफ तौर पर नशे में दिखाई दे रही है, जो अब जांच का अहम आधार बन गया है। उल्लेखनीय है कि हाल के समय में गुजरात के कई स्कूलों में शिक्षकों के नशे में पकड़े जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे अभिभावकों और छात्रों में चिंता बढ़ गई है। अब लोगों की मांग है कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बनी रहे। सतीश/07 मार्च