नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 1 मार्च को भारत के हाथों ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ में हारकर वेस्टइंडीज का सफर खत्म हो गया था। लेकिन टीम के खिलाड़ी अभी तक भारत से घर नहीं लौट पाए हैं। अंतरराष्ट्रीय तनाव और अमेरिका, इज़राइल व ईरान के बीच बढ़ती लड़ाई के चलते कई एयरपोर्ट पर सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिए गए हैं, जिससे फ्लाइट्स रद्द हो गई हैं और वेस्ट एशिया में एयर ट्रैवल प्रभावित हुआ है। इस स्थिति को लेकर वेस्टइंडीज के खिलाड़ी अकील हुसैन ने अपने एक्स पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि “मेरे लिए बेहतर होगा कि मैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो से कहूं कि वे चॉपर भेजकर मुझे बचा लें। हां.. और आएं।” हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी। उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया गया और फैंस में खूब चर्चा हुई। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने कहा कि टीम के लिए एक चार्टर फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है, जो 24 घंटे के भीतर खिलाड़ियों को घर ले जा सके। सूत्रों के मुताबिक विमान को रवाना करने के लिए एयर ट्रैफिक की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के एक अधिकारी ने बताया कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों की रवानगी की औपचारिक जानकारी अभी आनी बाकी है। दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी न्यूज़ीलैंड में होने वाली द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार रात रवाना हो गए हैं। वहीं वेस्टइंडीज की टीम को भेजने के लिए चार्टर फ्लाइट की तैयारी पूरी है, और जैसे ही मंजूरी मिलेगी, खिलाड़ी घर लौट सकेंगे। इस बीच, अकील हुसैन का क्रिस्टियानो रोनाल्डो वाला पोस्ट फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। खिलाड़ी के इस हल्के-फुल्के अंदाज ने भारत में फंसी टीम की परेशानी के बीच थोड़ी हंसी और ध्यान आकर्षित किया। वेस्टइंडीज की टीम जल्द ही चार्टर फ्लाइट के जरिए सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद में है, ताकि वे आगामी क्रिकेट कार्यक्रमों के लिए फिट रह सकें। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026