हमले में एयरपोर्ट के कौन से हिस्से प्रभावित हुए और कितना नुकसान हुआ इसकी जानकारी नहीं तेहरान, (ईएमएस)। मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर धमाकों की खबर है। यह तेहरान स्थित ईरान के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक माना जाता है। हमले के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो और तस्वीरों में एयरपोर्ट परिसर में खड़े विमानों के पास आग और धुआं उठता दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार को एयरपोर्ट के आसपास कई धमाके सुनाई दिए, जिसके बाद परिसर में अफरातफरी मच गई। कुछ चश्मदीदों ने बताया कि इस बार की बमबारी पहले की तुलना में काफी ज्यादा तेज थी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए फुटेज में एयरपोर्ट के रनवे और पार्किंग एरिया के पास आग की लपटें और धुआं उठता नजर आया। ईरानी मीडिया रिपोर्ट ने भी पुष्टि की है कि एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों को निशाना बनाया गया है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले में एयरपोर्ट के कौन-कौन से हिस्से प्रभावित हुए हैं और नुकसान कितना हुआ है। उधर इजराइली डिफेंस फोर्स ने दावा किया है कि उसने ईरान में “बड़े पैमाने पर नए हमले” शुरू किए हैं। माना जा रहा है कि इसी अभियान के तहत मेहराबाद एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया है। इससे पहले 4 मार्च को भी इसराइली सेना ने एयरपोर्ट पर हमला करने का दावा किया था। उस समय सेना ने कहा था कि उसके हमलों में ईरान के ऐसे डिफेंस और डिटेक्शन सिस्टम को नष्ट किया गया, जो इसराइली वायुसेना के लिए खतरा बन सकते थे। सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक शुक्रवार को एयरपोर्ट परिसर में कई विमान मौजूद थे। हमले के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल ईरानी अधिकारियों की ओर से हताहतों या नुकसान के बारे में जानकारी नहीं दी गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस घटनाक्रम पर बनी हुई है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26