अराघची बोले- अमेरिका हमारे सदियों के रिश्तों को कमजोर करने और क्षेत्र में अशांति फैला रहा तेहरान,(ईएमएस)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बस अराघची ने देश पर हुए हालिया हमलों को लेकर अमेरिका की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी हमलावरों ने अरब देशों की जमीन का इस्तेमाल कर ईरान में बच्चों और निर्दोष लोगों को निशाना बनाया है। अराघची ने पोस्ट में लिखा कि ईरान और अरब देशों के बीच सदियों से भाईचारे, दोस्ती और आपसी सम्मान का रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रीय समाज लंबे समय से साथ-साथ रहते आए हैं और अमेरिका इस संबंध को कमजोर करने की कोशिशें क्षेत्रीय अशांति फैला रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अराघची ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने हमारे अरब मित्र देशों की जमीन से हमले करते हुए मासूम लोगों, बच्चों और आम नागरिकों को लक्ष्य बनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान इस स्थिति का जवाब देगा और उसकी जवाबी कार्रवाई सीधे अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाकर की जाएगी। बता दें 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों के बाद पूरे मध्यपूर्व क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। ईरान का दावा है कि इन हमलों में देश के कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए, जिनमें ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई भी शामिल हैं। इन घटनाओं के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अपने कुछ अरब पड़ोसी क्षेत्रों की दिशा में सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। ईरानी नेतृत्व ने साफ कहा है कि अरब देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने उसके निशाने पर हैं। विश्लेषकों का मानना है कि हालिया घटनाक्रम से मध्यपूर्व में सैन्य टकराव का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयासों के जरिए तनाव कम करने की अपील की जा रही है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26 --------------------------------