यातायात प्रभावित, डिब्बों को वापस पटरी पर लाने का काम जारी कटनी,(ईएमएस)। बिलासपुर से कोयला लेकर बड़ोदरा जा रही एक मालगाड़ी बिलासपुर बीना मार्ग पर कटनी मुड़वारा स्टेशन से पहले पटरी से उतर गई, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। ट्रैक को सुधारने और पटरी से उतरे डिब्बों को वापस पटरी पर लाने का काम जारी है। मौके पर डीआरएम समेत वरिष्ठ अधिकारी और कई स्थानों की राहत टीम मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक बिलासपुर से एक मालगाड़ी कोयला लोड करके बड़ोदरा जा रही थी। करीब 11 बजे जैसे ही वह एनकेजे से कटनी मुड़वारा की ओर बढ़ी बाबा घाट के पास बने केबिन के पास अचानक से धमाके के साथ मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और कोयला ट्रैक पर बिखर गया। किसी तरह से चालक ने गाड़ी रोकी और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई और एनकेजे, कटनी सहित जबलपुर और सतना से टीम में मौके पर बुलाई गई। वहीं, जबलपुर डीआरएम समेत मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और डिब्बों को काटकर अलग करते हुए पटरी पर बिखरे कोयले को अलग करने का काम जारी है। वहीं डिब्बों में भरे कोयले को भी मजदूर और मशीनों की मदद से खाली कराया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द रेलवे ट्रैक पर यातायात बहाल किया जा सके। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिलासपुर बीना रेलखंड के बंद होने से मुड़वारा से बिलासपुर शहडोल की ओर जाने वाली यात्री ट्रेनें और मालगाड़ी प्रभावित हैं, जिनको अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26