07-Mar-2026
...


- दो पक्षों में जमकर चले लाठी-फरसे, छह लोगों पर केस दर्ज ब्यावरा(ईएमएस)l सुठालिया थाना अंतर्गत रायपुरिया में शुक्रवार रात प्रेम प्रसंग के विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में लाठी और फरसों के प्रहार से एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सुठालिया, ब्यावरा और मलावर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद एक विवाहित महिला के दूसरे पक्ष के युवक के साथ संबंधों को लेकर हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जसवंत, प्रदीप, दौलत, कमल, समंदर और रामराज लोधी ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। इस हमले में कृष्णपाल, मेहरबान, तूफान सिंह और जितेंद्र राजपूत को गंभीर चोट आई हैं। घायलों को तत्काल सुठालिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक देख उन्हें जिला चिकित्सालय राजगढ़ रेफर कर दिया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस टीम ने अस्पताल में उनके बयान दर्ज किए। सुठालिया थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी अनिल राहौरिया ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। -निखिल