आयोग की टीम 9 और 10 मार्च को पश्चिम बंगाल का दौरा करेगी नई दिल्ली (ईएमएस)। आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों का जायजा लेने केरलम पहुंची चुनाव आयोग की टीम ने कोच्चि में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में हुई बैठक में निष्पक्ष चुनाव, धनबल पर रोक और स्थानीय त्यौहारों का ध्यान रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी कड़ी में आयोग की टीम 9 और 10 मार्च को पश्चिम बंगाल का दौरा करेगी। बैठक में राष्ट्रीय स्तर के दलों जैसे आम आदमी पार्टी (आप), बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)-सीपीआई(एम) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) के प्रतिनिधि शामिल हुए। राज्य स्तरीय दलों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएलएल), केरल कांग्रेस, केरलम कांग्रेस (एम) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता भी मौजूद थे। बैठक में ज्यादातर राजनीतिक दलों ने केरल में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन की सराहना की। कई दलों ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा किए गए अच्छे कामों की भी प्रशंसा की। सीईसी ज्ञानेश कुमार ने दोहराया कि एसआईआर सबसे पारदर्शी तरीके से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6,7और 8 अभी भी किसी भी समावेशन, विलोपन या परिवर्तन के लिए दाखिल किए जा सकते हैं। बैठक में राजनीतिक दलों ने आयोग के सामने चुनाव के दौरान धनबल के दुरुपयोग और शराब या मुफ्त उपहारों के वितरण को लेकर अपनी चिंताएं रखीं। सीईसी कुमार ने सभी राजनीतिक दलों को आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत के लिए सीविजिल एप और ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप, व्हीलचेयर और पेयजल जैसी न्यूनतम अनिवार्य सुविधाएं (एएमएफ) सुनिश्चित की जाएगी।आयोग ने दलों से आह्वान किया कि वे केरलम में चुनाव के इसतरह के मानक स्थापित करें जो पूरे विश्व के लिए एक मॉडल बन सकें। आशीष दुबे / 7 मार्च 2026