जींद(ईएमएस)। जींद जिले के सफीदों में शुक्रवार को होली के गुलाल और रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो महिला मजदूरों की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सफीदों की भाट कॉलोनी में स्थित रंग फैक्ट्री में आम दिनों की तरह लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। यहां अचानक आग भडक़ी और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। चारों ओर धुआं और आग की लपटें उठने के कारण मजदूरों के बीच चीख-पुकार मच गई। उनको बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। विनोद उपाध्याय / 07 मार्च, 2026