मनोरंजन
08-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। साउथ की अभिनेत्री संयुक्ता एक और बड़े प्रोजेक्ट के साथ चर्चा में हैं। निर्देशक पूरी जगन्नाध की अपकमिंग पैन इंडिया फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री तब्बू और बहुमुखी एक्टर विजय सेतुपति के साथ संयुक्ता स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर उद्योग में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। बड़े पैमाने पर तैयार की गई इस फिल्म में विजय सेतुपति लीड रोल निभा रहे हैं, वहीं संयुक्ता फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी। तब्बू एक इंटेंस और बेहद महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगी, जिसकी इंडस्ट्री में खास चर्चा है। फिल्म का निर्माण निर्माता चार्ममे कौर और पूरी जगन्नाध ने अपने बैनर पुरी कनेक्ट के तहत किया है। शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे तेलुगु, तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा। संयुक्ता ने तब्बू के साथ काम करने के अनुभव को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि तब्बू सेट पर जिस ऊर्जा और सहजता के साथ आती हैं, वह अद्भुत है। संयुक्ता ने तब्बू की पसंदीदा फ़िल्म कंडुकोंडियन का ज़िक्र करते हुए कहा कि उस फिल्म में उनका काम असाधारण था और आज भी उनकी वही ग्रेस बरकरार है। संयुक्ता ने यह भी बताया कि तब्बू की हैदराबादी हिंदी सुनकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। भले ही दोनों के अधिक सीन साथ नहीं थे, लेकिन शूटिंग अनुभव उनके लिए खास रहा। संयुक्ता इस समय अपने करियर के स्वर्णिम दौर में हैं। विजय सेतुपति की इंटेंस मौजूदगी, तब्बू का शानदार अभिनय और संयुक्ता का तेजी से उभरता स्टारडम इन तीनों का मेल इस फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर एक बड़ा सिनेमाई उत्सव बनाने वाला है। खुद तब्बू पहले ही इसे साउथ का धमाका बता चुकी हैं और माहौल भी यही संकेत दे रहा है। फिल्मों की बात करें तो संयुक्ता जल्द ही एक्शन से भरपूर फिल्म बेंझ में नजर आएंगी, जिसे लोकेश सिनेमैटिक यूनिवर्स में उनकी दमदार एंट्री माना जा रहा है। इसके अलावा तेलुगु फिल्म स्वयंभू में भी उनके एक और प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। सुदामा/ईएमएस 08 मार्च 2026