रायसेन (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित ऐतिहासिक किले से तोप चलाते हुए ईरान के समर्थन में नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रायसेन किले से कुछ युवकों का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवक किले से तोप चलाते हुए नजर आ रहे हैं और ईरान के समर्थन में नारे लगाते सुनाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रमजान के दौरान रोजा खोलने की सूचना देने के समय बनाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई और कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। हिंदू संगठन ‘अपना रायसेन’ ने इस मामले को लेकर कोतवाली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। संगठन का आरोप है कि वीडियो में लगाए गए कुछ नारे आपत्तिजनक हैं, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे शहर में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका भी जताई गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक XX/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(a) के अंतर्गत मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शादाब कुरैशी निवासी कसाई मोहल्ला रायसेन, युसूफ शेख निवासी चटाईपुरा भोपाल, वसीम मोहम्मद निवासी ऐशबाग भोपाल और पप्पू उर्फ सलमान कुरैशी निवासी तलैया भोपाल शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इधर, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित किले से अवैध रूप से तोप चलाना गंभीर मामला है, जिससे लोगों की सुरक्षा और ऐतिहासिक धरोहर दोनों को खतरा हो सकता है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।